महोबा। ग्रामीण क्षेत्र के घरेलू एलपीजी उपभोक्ताओं को अब अगला सिलिंडर बुक कराने के लिए 45 दिन का इंतजार नहीं करना पड़ेगा। नए निर्देश के तहत ग्रामीण वितरकों से जुड़े उपभोक्ता पिछली रिफिल की डिलीवरी के 25 दिन बाद ही अगला सिलिंडर बुक करा सकेंगे। नियम में बदलाव से खासकर अधिक सदस्यों वाले परिवारों को राहत मिलने की उम्मीद है।
पहले ग्रामीण क्षेत्र के घरेलू एलपीजी उपभोक्ताओं के लिए एक रिफिल की डिलीवरी व अगली बुकिंग के बीच 45 दिन का अंतर निर्धारित था। इसके चलते सिलिंडर खत्म होने के बाद उपभोक्ताओं को अगली बुकिंग के लिए लंबा इंतजार करना पड़ता था। अब 20 दिन का अंतर कम किए जाने से यह समस्या काफी हद तक दूर होने की उम्मीद है। जिला पूर्ति अधिकारी एपी सिंह ने बताया कि नियम में बदलाव को लेकर गैस कंपनियों ने पत्र दिए हैं। ग्रामीण उपभोक्ताओं के लिए अगली रिफिल बुकिंग का अंतराल 25 दिन निर्धारित कर दिया गया है।
ग्रामीण महिलाओं ने जताई खुशी
फोटो 13 एमएएचपी 10 परिचय-आकांक्षा यादव। संवाद
पहले 45 दिन का अंतर होने से सिलिंडर जल्दी खत्म होने पर परेशानी होती थी। 25 दिन में बुकिंग की सुविधा मिलने से काफी राहत मिलेगी। सरकार का यह कदम सराहनीय है। -आकांक्षा यादव, खन्ना।
फोटो 13 एमएएचपी 11 परिचय-पानकुंवर। संवाद
सिलिंडर खत्म होने के बाद अगली बुकिंग के लिए लंबा इंतजार नहीं करना पड़ेगा। ग्रामीण परिवारों के लिए यह अच्छी राहत है। सिलिंडर खत्म होने के बाद उन्हें चूल्हा नहीं जलाना पड़ेगा। -पानकुंवर, जैतपुर।
फोटो 13 एमएएचपी 12 परिचय-प्रभा विश्वकर्मा। संवाद
अधिक सदस्यों वाले परिवारों में गैस की खपत ज्यादा होती है। ऐसे में 45 दिन का इंतजार मुश्किल होता था। नया नियम सुविधाजनक है। अब 25 दिन के बाद ही गैस मिल जाएगी। -प्रभा विश्वकर्मा, भरवारा।