महोबा। दिल्ली से दो दिवसीय प्रवास पर आए बुंदेलखंड किसान यूनियन के राष्ट्रीय अध्यक्ष विमल कुमार शर्मा ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा पारित कृषि कानूनों की वापसी न होने तक आंदोलन जारी रहेगा। दिल्ली में हाईवे पर डटे किसान तीनों कानून वापसी नहीं तो घर वापसी नहीं की तर्ज पर अड़े हैं। बुंदेलखंड में जनसंपर्क कर हजारों किसानों को दिल्ली लेकर जाएंगे।
यूनियन के राष्ट्रीय अध्यक्ष एक गेस्ट हाउस में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। कहा कि बुंदेलखंड किसान यूनियन दिल्ली में चल रहे आंदोलन में तीन दिसंबर से लगातार डटा है। आज भी हजारों की संख्या में किसान आगरा-दिल्ली हाईवे पर आंदोलन कर रहे हैं। किसानों के तीनों काले कानून वापस होने पर ही आंदोलन खत्म होगा। कहा कि बुंदेलखंड किसान यूनियन ने आंदोलन को तेज धार देने के लिए रणनीति बनाई है। गांव-गांव जनजागरण अभियान चलाया जाएगा और हजारों किसानों को दिल्ली लेकर जाएंगे। 26 जनवरी को तिरंगों से सजे सभी किसान अपनी आवाज बुलंद करेंगे। इस मौके पर जिलाध्यक्ष देवीदीन राजपूत, काशीराम, संगठन मंत्री गणेश प्रसाद शर्मा, दिनेश कुमार निरंजन, प्रदेश अध्यक्ष महिला मोर्चा किरन पाठक, अरुण कुमार गौतम आदि मौजूद रहे।