बेलाताल (महोबा)। विकासखंड जैतपुर सभागार में शुक्रवार को कृषि निवेश मेला व प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। इसमें विभिन्न विभागों ने स्टॉल लगाकर किसानों को योजनाओं की जानकारी दी। इस दौरान कृषि वैज्ञानिकों ने किसानों को आय बढ़ाने के लिए बागवानी अपनाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि किसान बागवानी करके कम लागत में अधिक मुनाफा कमा सकते हैं।
विकासखंड स्तरीय किसान मेले में कृषि, पशुपालन, उद्यान व आंगनबाड़ी आदि विभागों ने अपने स्टॉल लगाकर योजनाओं की जानकारी दी। गोष्ठी में खंड विकास अधिकारी बृजकिशोर कुशवाहा ने किसानों को चना, मटर व गेहूं में लगने वाले रोगों से बचाव के उपाय बताए। उन्होंने कहा कि किसान जैविक खाद का प्रयोग करें। इससे भूमि की उर्वरा शक्ति बढ़ेगी ओर बेहतर पैदावार होगी।
कृषि विज्ञान केंद्र बेलाताल के वैैज्ञानिक डॉ. सुुनील कुमार व बृजेश पांडे ने किसानों को सरकार द्वारा सिंचाई यंत्रों में दी जा रही सब्सिडी की जानकारी दी। कहा कि किसान योजनाओं का लाभ लेकर अपनी आर्थिक स्थिति में सुधार ला सकते हैं। सहायक कृषि अधिकारी जगदीश, उद्यान विभाग से महिपाल, पशु विभाग से डॉ. राम सिंह, कालका प्रसाद, अखिलेंद्र आदि ने भी किसानों को फसलों के बेहतर उत्पादन के तरीके बताए। साथ ही बागवानी अपनाने पर जोर दिया।