खरेला (महोबा)। थानाक्षेत्र के ग्राम सलुुआ में एक किसान का शव पेड़ से लटकता मिला। मृतक के पैर जमीन में रखे होने और शरीर पर चोट के निशान पाए जाने से परिजनों ने हत्या का आरोप का लगाया। मृतक की पत्नी ने थाना खरेला में तहरीर दी है। पुलिस मामले की जांच पड़ताल करने में जुट गई है।
ग्राम सलुुआ निवासी विजय श्रीवास (40) दिल्ली में परिवार के साथ मजबूरी करता था। लॉकडाउन के चलते चार माह पहले घर आया था और अपनी मां के साथ रहता था। दो दिन पहले उसकी मां बड़े बेटे के पास कानपुर चली गई। विजय गांव में ही रहकर खेती कर रहा था। सोमवार को वह खेतों में काम करने गया था। रात में वह वापस नहीं आया। मां के बाहर होने के कारण किसी ने उसकी तलाश नहीं की। सुबह आसपास के लोगों ने उसका शव एक पेड़ में गमछे से लटका देखा तो उनके होश उड़ गए।
ग्रामीणों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को नीचे उतारकर पंचनामा करने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। दिल्ली से लौटी मृतक की पत्नी गौरीबाई ने थाना खरेला में दी तहरीर में हत्या का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज किए जाने की मांग की। मृतक के दो पुत्र और एक पुत्री है। किसान की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।