महोबा। कानपुर-सागर नेशनल हाईवे पर शहर के चार किलोमीटर दूरी पर स्थित किड़ारी रेलवे फाटक सात दिसंबर को पांच घंटे के लिए बंद रहेगा। इस दौरान नेशनल हाईवे से गुजरने वाले वाहन वैकल्पिक मार्गों से निकलेंगे। रेलवे क्राॅसिंग पर मरम्मत का काम पूरा होने के बाद फाटक खोले जाएंगे।
महोबा-कबरई रेल खंड के मध्य झांसी-मिर्जापुर व कानपुर-सागर नेशनल हाईवे को जोड़ने वाली सड़क पर स्थित किड़ारी रेलवे फाटक पर रेलवे की ओर से गेट की मरम्मत का काम किया जाएगा।
यह काम सात दिसंबर की सुबह छह से 11 बजे तक चलेगा। इसको लेकर सीनियर सेक्शन इंजीनियर रेल पथ की ओर से एसडीएम सदर शिवध्यान पांडेय को पत्र भेजा गया है। इसमें किड़ारी रेलवे फाटक पर ऑवरहॉलिंग के प्रस्तावित कार्य की जानकारी दी गई है। इस दौरान बांदा से महोबा की ओर जाने वाले वाहन वैकल्पिक मार्ग गुगौरा चौकी से होते हुए बीजा नगर से महोबा की ओर आ सकते हैं। वहीं, महोबा से बांदा की ओर जाने वाले वाहन बीजानगर होते हुए गुगौरा चौकी से कबरई, बांदा की ओर जा सकते हैं।