फोटो 10 एमएएचपी 12 परिचय-दंगल में दावपेच दिखाते पहलवान। संवाद
महोबा। ब्लॉक कबरई के परमहंस महाराज की तपोभूमि मवईखुर्द में चल रहे मेले के अंतिम दिन शनिवार को विशाल दंगल का आयोजन हुआ। इसमें विभिन्न राज्यों से आए पहलवानों ने दांवपेंच दिखाए। खन्ना के संजय पहलवान ने राजस्थान के विवेक पहलवान को धूल चटाई।
मुख्य अतिथि कबरई ब्लॉक प्रमुख राजू सिंह ने दंगल का शुभारंभ किया। दंगल के आयोजक ग्राम प्रधान विपिन सिंह ने कुश्तियों की शुरुआत कराई। राजस्थान के विवेक ने बांदा के वीर बहादुर को हराया। दिल्ली के दीपक पहलवान ने कानपुर के आशीष को पटकनी दी। अयोध्या के बाबा बलराम पहलवान ने हरियाणा के रवि को धूल चटाई। पंजाब के संजीव पहलवान ने राजस्थान के विवेक को हराया। नेपाल के ध्रुव थापा पहलवान ने पंजाब के संजीव को पटकनी दी। इटावा की महिला पहलवान पूनम ने दिल्ली की आकांक्षा को हराया। बांदा के वीर बहादुर व मेरठ के कल्लू के बीच कुश्ती बराबर पर छूटी। इस मौके पर ग्राम प्रधान देवकी नंदन पांडेय, नरेंद्र पांडेय, बृजेंद्र सिंह, संतोष यादव, केशव बाबू, सुरेंद्र पाल, राजन सिंह, कमल यादव आदि मौजूद रहे।