कबरई महोबा मार्ग का नौ करोड़ की लागत से जल्द कायाकल्प होगा। 17 किलोमीटर लंबी सड़क की चौड़ाई 7.5 मीटर से बढ़ाकर 10.5 मीटर की जाएगी। कार्यदायी संस्था ने दिसंबर तक काम पूरा कराने का आश्वासन दिया है। अभियंताओं ने इस मार्ग पर तेजी से काम शुरू करा दिया है।
कबरई महोबा मार्ग पहले 5.50 मीटर चौड़ा था। जिसे एनएच डिवीजन झांसी ने वर्ष 2012 में 7.50 मीटर चौड़ा किया था। साथ ही डेढ़-डेढ़ मीटर की पटरी भी बनाई गई थी। अब हाल ही में शासन ने साढ़े सात मीटर चौड़ाई वाले प्रमुख मार्गों को साढ़े दस मीटर चौड़ा करने का निर्णय लिया है।
एनएच निर्माण खंड कानपुर ने नौ करोड़ की लागत से कबरई-महोबा के बीच 17 किमी लंबी एनएच 76 सड़क का निर्माण कार्य शुरू करा दिया है। ठेकेदार विपिन राय ने बताया कि इस मार्ग के अंतर्गत कबरई तिराहे के पास सड़क की चौड़ाई बढ़ाने के बाद पटरी पर इंटरलाकिंग भी कराई जाएगी।
डेढ़-डेढ़ मीटर की दोनों तरफ अतिरिक्त पटरी रहेगी। इसी प्रकार गुगौरा चौकी, ईंटा मंडी महोबा से गुजरने वाले टुकड़े पर भी पटरियों पर इंटरलॉकिंग होगी। सड़क का निर्माण कार्य दिसंबर 15 तक पूरा कराने का लक्ष्य रखा गया है। इसे हर हाल में समय से पूरा करने की बात विभागीय अभियंता और ठेकेदार कह रहे हैं। सड़क चौड़ी होने के बाद लोगों को जाम की समस्या से भी मुक्ति मिल जाएगी।