महोबा। जिले में शुक्रवार की दोपहर करीब दो घंटे हुई झमाझम बारिश से लोगों को उमस से राहत मिली। वहीं जगह-जगह नाले उफना गए। जिससे घंटों यातायात बाधित रहा। नालों व नालियों का कीचड़ सड़क पर आ जाने से लोगों को परेशानी हुई।
शुक्रवार की दोपहर लगभग 12 बजे तक निकली तेज धूप के बाद मौसम अचानक बदल गया। लगभग एक बजे बारिश शुरू हुई। दो घंटे तक हुई झमाझम बारिश से लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली। वहीं शहर के नाले उफना गए और नालियों का कीचड़ सड़क पर आ गया।
कुलपहाड़ प्रतिनिधि के अनुसार ग्राम सुंगिरा के पास निकले मदरवार नाला उफनाने से झांसी-मिर्जापुर राष्ट्रीय राजमार्ग बाधित हो गया। सड़क के दोनों तरफ दो घंटे तक वाहन खड़े रहे। नाले का पानी कम होने के बाद यातायात सुचारु हुई। चरखारी प्रतिनिधि के अनुसार कस्बे में बारिश के चलते तमाम लोग जुमे की नमाज पढ़ने के लिए छाता और बरसाती लेकर पहुंचे।
उधर, बेलाताल रोड पर बने रेलवे के अंडर ब्रिज में चार फीट पानी भर जाने से वाहन चालक कुलपहाड़ से बेलाताल नहीं आ जा सके। कुछ वाहन चालकों को चार किमी घूम कर सफर तय करना पड़ा। वहीं, कुछ जोखिम उठाकर पटरियों से वाहन निकालते रहे।