श्रीनगर (महोबा)। थाना श्रीनगर के ग्राम ढुड़इयन में साले की शादी में आए जीजा का शव गांव के बाहर जंगल में फांसी पर झूलता मिला। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया वहीं शादी की खुशियां मातम में बदल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम को भेजा है। पुलिस घटना की जांच में जुट गई है।
जनपद हमीरपुर के थाना मुस्करा के ग्राम गहरौली निवासी रामकुमार विश्वकर्मा (35) पुत्र देवकीनंदन अपनी पत्नी शिववती के साथ तीन दिन पहले ससुराल थाना श्रीनगर के ग्राम ढुड़इयन आया। 29 अप्रैल को रामकुमार के साले सुरेंद्र का तिलक था और बारात एक मई को जानी थी। तिलक वाले दिन रामकुमार ने रात को जमकर शराब पी और घर से निकल गया। परिजनों ने उसकी खोजबीन की लेकिन कोई सुराग नही लगा। सोमवार रात करीब आठ बजे राजकुमार का शव गांव के बाहर जंगल में फांसी पर झूलता मिला।
घटना की सूचना तत्काल थाना श्रीनगर पुलिस को दी गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम को भेजा है। जीजा की मौत से शादी की खुशियां मातम में बदल गई। रामकुमार ने आत्महत्या क्यों की पुलिस इसकी जांच कर रही है। मंगलवार को साले की धूमधाम से जाने वाली बारात साधारण तरीके से ले जाने की तैयारी की गई। दूल्हे के पिता भागीरथ ने बताया कि दामाद की मौत से सभी को गहरा सदमा लगा है। अब बारात साधारण तरीके से जाएगी। थानाध्यक्ष श्रीनगर का कहना है कि परिजनों ने किसी भी प्रकार के कोई आरोप नही लगाए है और न ही तहरीर दी है। घटना की जांच कराई जा रही है।