महोबा। झांसी-मानिकपुर रेलखंड पर खुरहंड-डिंगवाही-बांदा स्टेशन के मध्य चल रहे दोहरीकरण कार्य के दौरान 11 दिसंबर को नॉन-इंटरलॉकिंग का कार्य कराया जाएगा। ऐसे में महोबा रेलवे स्टेशन से गुजरने वाली प्रयागराज-ग्वालियर एक्सप्रेस और झांसी-बांदा मेमू ट्रेन निरस्त रहेगी। इसको लेकर उत्तर मध्य रेलवे झांसी मंडल की ओर से निर्देश जारी किए गए हैं।
रेलवे झांसी मंडल के जनसंपर्क अधिकारी मनोज कुमार सिंह ने बताया कि 11 दिसंबर को ग्वालियर से प्रयागराज जाने वाली गाड़ी संख्या-11801 व प्रयागराज से ग्वालियर जाने वाली गाड़ी संख्या-11801 नहीं चलेगी। साथ ही झांसी-बांदा और बांदा झांसी मेमू निरस्त रहेंगी। यह दोनों ट्रेनें महोबा के रास्ते ही गंतव्य के लिए रवाना होती हैं। जनसंपर्क अधिकारी ने बताया कि बांदा-महोबा-खजुराहो-ललितपुर से होकर गुजरने वाली वंदे भारत, आंबेडकरनगर एक्सप्रेस, तुलसी एक्सप्रेस समेत सात ट्रेनें एक से तीन घंटे की देरी से चलेंगी। नॉन-इंटरलॉकिंग का काम पूरा होने के बाद इन ट्रेनों का संचालन पूर्व की तरह किया जाएगा। उन्होंने यात्रियों से अपील करते हुए कहा है कि यात्रा से पहले ट्रेन के संचालन की जानकारी जरूर करें। ताकि, यात्रा में किसी भी प्रकार की दिक्कत न हो।