चरखारी (महोबा)। कोतवाली चरखारी के छानीखुर्द गांव में चोरों ने दो घरों से नकदी समेत 40 लाख से अधिक के जेवर चोरी कर लिए। तीसरे मकान में आहट पाकर जागे परिजनों के शोर मचाने पर चोर भाग गए। सूचना पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी।
छानीखुर्द निवासी ग्यासीलाल अहिरवार रात को मकान का ताला लगाकर बाहर सो रहा था। परिवार के अन्य लोग शादी समारोह में शामिल होने रिश्तेदारी में गए थे। तभी देर रात चोर मकान का ताला तोड़कर अंदर घुसे। चोरों ने मकान में रखी पांच हजार की नकदी और 50 हजार रुपये के जेवर चोरी कर लिए।
इसके बाद चोरों ने गांव के ही प्रगतिशील किसान लक्ष्मीप्रसाद यादव के घर को निशाना बनाया। दीवार फांदकर अंदर घुसे चोर तीन बक्से उठाकर ले गए। इसमें लक्ष्मीप्रसाद की पत्नी व दो बहुओं के जेवर रखे थे। चोर बक्सों को गांव के बाहर खेतों में फेंक गए। किसान ने बताया कि बक्से में करीब 600 ग्राम सोने के जेवर और पांच किलो चांदी के जेवर थे।
मंगलवार की सुबह जब वह जागे तो ग्रामीणाें ने घटना की सूचना दी कि खेत में तीन बक्से पड़े हुए हैं। घटना की सूचना कोतवाली में दी गई। सूचना मिलते ही एसआई राजनारायण पुलिसकर्मियों के साथ घटनास्थल में पहुंच मौका-मुआयना किया।
वहीं तीसरी घटना में बृजभूषण यादव के घर में घुसे चोर लोगों के शोर मचाने पर भाग गए। पीड़ित ने घटना की तहरीर कोतवाली में दी है। पुलिस घटनाओं की जांच कर रही है।