लाउड स्पीकर में पत्थर मारे जाने से नाराज भाजपा, हिंदू युवा वाहिनी और बजरंग दल के कार्यकर्ताआें द्वारा सड़क जाम कर उपद्रव करने, शांतिपूर्ण माहौल को बिगाड़ने का प्रयास करने, मारपीट करने व सड़क जाम कर तोड़फोड़ करने के मामले में कोतवाली पुलिस ने 40 से ज्यादा लोगाें के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। इससे बलवे में शामिल लोगाें में खलबली मच गई है।
शहर के बड़ी चंडिका देवी मंदिर में चल रही रामकथा के लिए हाईवे पर लगाए गए एक लाउड स्पीकर में कुछ अराजक तत्वाें द्वारा पत्थर मारकर तोड़फोड़ की गई थी। जिससे भारी संख्या में लोगाें ने विरोध कर जाम लगा दिया था। जाम दौरान निकलने वाले लोगाें और टेंपो चालकाें की मारपीट कर तोड़फोड़ की गई थी। जिससे माहौल बिगड़ने के आसार बढ़ने लगे थे। तभी पुलिस ने सक्रियता दिखाते हुए जाम खुलवा दिया था। शनिवार को जाम लगाकर उपद्रव करने वाले आशीष त्रिपाठी, नीरज रावत, शिवम, संभ्रांत राजपूत, अभिलाष, रवि कुमार, जसवंत, अर्थ, राहुल तिवारी व 35 अज्ञात लोगों के विरुद्ध धारा 147,147,151,152,153 ए, 353, 342, 307, 323, 504, 427 कोतवाली महोबा में एसएचओ नंदलाल भारती ने मुकदमा दर्ज कराया है।
तीन दर्जन पर रिपोर्ट दर्ज
जाम दौरान टेंपो लेकर निकल रहे मोहल्ला सत्तीपुरा निवासी संदीप साहू की मारपीट कर टेंपो में तोड़फोड़ करने के मामले में टेंपो चालक संदीप साहू ने तीन दर्जन अज्ञात लोगाें के खिलाफ कोतवाली महोबा में मुकदमा दर्ज कराया है। जिससे शनिवार को सारा दिन उपद्रवियाें में खलबली मची रही। पुलिस प्रशासन ने शहर में बड़े पैमाने पर पुलिस फोर्स और पीएसी तैनात कर दी है।