झांसी-मिर्जापुर हाईवे स्थित बांदा चौराहे पर घर के सामने गाड़ी खड़ी करने
से खफा दबंग ने वाहन सवार ग्रामीणों की जमकर पिटाई की और रिवाल्वर से फायर
झोंक दिया। हालांकि ग्रामीण बाल-बाल बच गए। ग्रामीणों ने घटना की तहरीर
थाना कबरई में दी है।
थाना क्षेत्र के ग्राम मकरबई खोड़ा निवासी
धीरेंद्र यादव पुत्र विंद्रावन यादव अपने दो साथियों के साथ ग्राम सिचौरा
से लौटकर टवेरा गाड़ी से मकरबई खोड़ा लौट रहे थे।
झांसी-मिर्जापुर
हाईवे पर इन लोगों ने सड़क किनारे एक मकान के सामने गाड़ी खड़ी दुकान में
जाकर चाय पीने लगे। घर के सामने गाड़ी खड़ी देख दबंगों ने गाली गलौज शुरू
कर दिया। चाय पीने के बाद जब तीनों वहां पहुंचे तो दबंगों ने लाठी-डंडों से
पिटाई कर दी।
इसी बीच दबंग का एक बेटा घर के अंदर से लाइसेंसी
रिवाल्वर निकालकर ले आया और ग्रामीणों पर फायर झाेंक दिया। हालांकि तीनों
ग्रामीण बाल-बाल बच गए।
धीरेंद्र ने दबंगों के विरुद्ध घटना की
तहरीर थाना कबरई में दी है। थानाध्यक्ष रमेश पटेल का कहना है कि मेले में
ड्यूटी में तैनात होने के कारण उन्हें मामले की जानकारी नहीं है। जांच कर
कार्रवाई की जाएगी।