जिले के ग्रामीण अंचलों में चल रहे विभिन्न विद्यालयों के एनएसएस शिविर में छात्र-छात्राओं ने श्रमदान कर साफ सफाई की। फिर दहेज प्रथा, महिला हिंसा रोकने के साथ-साथ पर्यावरण को साफ सुथरा रखने का संदेश दिया। छात्राओं ने बेटी दी दहेज नहीं देंगे, यह रिवाज खत्म करेेंगे और जब तक रहेगी दहेज की मांग, नहीं रुकेगा यह अभियान आदि नारे लगाए।
राजकीय बालिका इंटर कॉलेज के ग्राम पचपहरा के प्राथमिक विद्यालय में चल रहे एनएसएस शिविर में छात्रा मीना, ज्योति, शबाना, लक्ष्मी और आकांक्षा ने नाटक प्रस्तुत कर कन्या भ्रूण हत्या रोकने और वृक्षारोपण कर पर्यावरण को हरा भरा व स्वच्छ बनाने पर जोर दिया।
छात्रा योगेश, योगिता, मांडवी और जूही ने सरस्वती वंदना प्रस्तुत की। उधर ग्राम चंद्रपुरा में चल रहे राजकीय मकुंदलाल तिवारी इंटर कॉलेज के एनएसएस शिविर में छात्राें ने टोलियाें में बंटकर श्रमदान किया।
श्रीनगर प्रतिनिधि के मुताबिक, राजकीय इंटर कॉलेज श्रीनगर के छात्र-छात्राआें ने भंडरा तिगैला और बस्ती में नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत कर लोगों को दहेज हत्या रोकने के लिए प्रेरित किया। छात्रा वेदवती ने गीत कब तक भारत में बेटी बलि की वेदी चढ़ेगी... प्रस्तुत किया।
इसके अलावा छात्राआें ने रैली निकालकर बेटी दी दहेज नहीं देंगे, यह रिवाज खत्म करेेंगे और जब तक रहेगी दहेज की मांग, नहीं रुकेगा यह अभियान आदि नारे लगाए। इस मौके पर कार्यक्रम प्रभारी शिवेंद्र प्रताप सिंह सहित तमाम टीचर और छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।