-बाईपास मार्ग में चल रहे फोरलेन निर्माण में धीमी प्रगति पर डीएम नाराज
संवाद न्यूज एजेंसी
महोबा। कजली मेले की तैयारियों को लेकर शनिवार की देर शाम डीएम गजल भारद्वाज ने कीरत सागर तट के प्रवेश द्वारों और प्रमुख संपर्क मार्गों का निरीक्षण किया। परमानंद से झलकारीबाई तिराहे तक बाईपास मार्ग में चल रहे फोरलेन सड़क के निर्माण की धीमी प्रगति पर डीएम ने कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने लोक निर्माण विभाग को कजली मेले से पहले सड़क को आवागमन योग्य बनाने के निर्देश दिए।
ऐतिहासिक कजली मेले में महज पांच दिन का समय शेष बचा है। देर शाम डीएम ने मेलास्थल के प्रवेश द्वारों का निरीक्षण किया। उन्होंने पालिका ईओ अवधेश कुमार को निर्देश दिए कि सड़कों व नालियों की सफाई दो दिन के अंदर पूरी कराएं। प्रकाश व्यवस्था को दुरुस्त करते हुए प्रत्येक बिजली खंभे पर रोड लाइट लगाई जाएं।
पीडब्ल्यूडी की ओर से चरखारी बाईपास मार्ग में चल रहे फोरलेन निर्माण का भी डीएम ने निरीक्षण किया। कार्य की गति धीमी मिलने पर डीएम ने अधिशासी अभियंता वीके जौहरी को कड़ी हिदायत देते हुए काम में तेजी लाने और मेले से पहले सड़क को आवागमन योग्य स्थिति में तैयार करने के निर्देश दिए।