महोबा। विकास खंड कबरई के सिजहरी गांव के पंचायत भवन में जिलाधिकारी अवधेश कुमार तिवारी ने सीडीओ हीरा सिंह व अन्य अधिकारियों के साथ लोगों की समस्याएं सुनीं और पांच गर्भवती महिलाओं की गोदभराई की। स्कूलों में व्यवस्थाएं परखीं। गांव में संचालित गोशाला और सिजहरी के प्रगतिशील किसान महेश कुमार वर्मा द्वारा की गई फूलों की खेती का जायजा लिया।
उन्होंने सभी अधिकारियों की मौजूदगी में पंचायत भवन में जन समस्याएं सुनीं। बिजली, पेंशन, हैंडपंप, पीएम आवास आदि की शिकायतें सुनीं। उन्होंने जिला कृृषि अधिकारी को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत सभी किसानों को लाभान्वित करने के निर्देश दिए। बताया कि पीएम किसान मानधन योजना में 60 साल के उपरांत सभी किसान तीन हजार रुपये प्रतिमाह की पेंशन पा सकते हैं। उन्होंने समाज कल्याण अधिकारी को पात्र व्यक्तियों को विभिन्न प्रकार की पेंशन से आच्छादित करने के निर्देश दिए। कहा कि विधवा पेंशन योजना के तहत एक भी पात्र नहीं छूटना चाहिए, अन्यथा कार्रवाई होगी। सिजहरी गोशाला में चार अन्ना पशुओं को पालने पर प्रति पशु 900 रुपये प्रतिमाह दिलाने की योजना के बारे में जानकारी दी और किसानों से अन्ना पशुओं को पालने की अपील की। विभिन्न निरीक्षणों के दौरान जिला कृृषि अधिकारी वीपीसिंह, डीसी एनआरएलएम सत्यराम यादव, जिला पंचायती राज अधिकारी संतोष कुमार, जिला उद्यान अधिकारी विजय कुमार चैरसिया आदि अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।
घटिया बस्ते पाए जाने पर भुगतान रोकने के निर्देश
जिलाधिकारी ने प्राथमिक विद्यालय सिजहरी, कन्या प्राथमिक विद्यालय सिजहरी और पूर्व माध्यमिक विद्यालय सिजहरी का निरीक्षण कर छात्र-छात्राओं के जूूते, मौजे और बस्ते देखे। बस्ते बेहद घटिया पाए जाने पर नाराजगी जताते हुए सीडीओ को बस्ते सप्लाई करने वाली फर्म का भुगतान रोके जाने के निर्देश दिए हैं, ताकि गुणवत्ता पूर्ण बस्ते छात्र-छात्राओं को मिल सके।