महोबा। थाना कबरई के गहरा गांव में जमीन के विवाद में युवक ने अपने सौतेले भाई का अपहरण कर लिया। मामले की शिकायत होने पर उसे दुष्कर्म के मामले में फंसा दिया। पीड़ित की मां ने पुलिस से कार्रवाई न होने पर न्यायालय का सहारा लिया। न्यायालय के आदेश पर तीन लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।
गहरा गावं निवासी बेवा रानी ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि उसके पति कल्लू का एक वर्ष पहले निधन हो चुका है। रानी ने कल्लू से उसकी पहली पत्नी की मौत के बाद शादी की थी। कल्लू के पहली पत्नी से बेटा छोटे कुशवाहा और एक बेटी थी। दोनों की शादी हो गई है। वहीं रानी के छह बच्चे हुए। इनमें पांच बेटियों की शादी हो गई। बेटा रिषी (15) वर्तमान में कक्षा-10वीं में पढ़ता है।
पीड़िता रानी का आरोप है कि पति कल्लू की मौत के बाद 21 बीघे जमीन को तीन हिस्सों में बांटा गया। सात-सात बीघा जमीन छोटे कुशवाहा, रिषी कुशवाहा और पीड़िता रानी को मिली है लेकिन रानी के नाम दर्ज सात बीघा जमीन पर सौतेला बेटा छोटे कुशवाहा हक जताते हुए अक्सर विवाद करता है। 19 जुलाई को कबरई से किताबें लेकर साइकिल से रिषी घर आ रहा था, तभी रास्ते में छोटे कुशवाहा ने अपने सौतेले भाई रिषी का अपहरण कर लिया। काफी खोजबीन करने पर रिषी का कोई सुराग नहीं लगा। 20 जुलाई को छोटे के घर में मौजूद रामकरण कुशवाहा लिलवाही और एक अन्य नकाबपोश व्यक्ति ने फोन पर रिषी से बात कराई। रिषी ने फोन पर कहा था कि लोग उसे पीट रहे हैं और पांच लाख रुपये की मांग कर रहे हैं। रुपये न देने पर ये लोग हत्या कर देगें।
पीड़िता के अनुसार रामकरण ने पांच लाख रुपये नहीं देने पर रिषी को दुष्कर्म के झूठे केस में फंसा देने की धमकी दी और आरोप लगाने के लिए तैयार लड़की की फोटो भी दिखाई। रानी ने मामले की शिकायत कबरई पुलिस से की तो नाराज होकर आरोपियों ने हमीरपुर जिले के ललपुरा थाना में रिषी के खिलाफ दुष्कर्म की झूठी रिपोर्ट दर्ज करा दी लेकिन कबरई पुलिस ने अपहरण और धन उगाही का प्रयास करने के मामले में कोई कार्रवाई नहीं की। इस पर पीड़िता ने न्यायालय का सहारा लिया। न्यायालय के आदेश पर पुलिस ने छोटे कुशवाहा, रामकरण कुशवाहा और एक युवती के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।