महोबा। नगर की सफाई व्यवस्था को लेकर कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक हुई। डीएम गजल भारद्वाज ने कहा कि नगर पालिका शहर की सफाई व्यवस्था एक सप्ताह के अंदर दुरुस्त करे। शहर के प्रमुख चौराहों की समुचित साफ-सफाई नियमित रूप से कराना सुनिश्चित की जाए। ड्यूटी में अनुपस्थित मिलने पर कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए।
बैठक में डीएम ने ईओ अवधेश कुमार को निर्देश दिए कि सफाई व्यवस्था का रोस्टर तैयार कराया जाए और उसके आधार पर सफाई कर्मचारियों का पर्यवेक्षण किया जाए। सफाई कार्य के पर्यवेक्षण में लगाए गए विभिन्न विभागों के अवर अभियंताओं को निर्देशित किया कि प्रतिदिन सात बजे क्षेत्र में निकलकर सफाई व्यवस्था की निगरानी करें और अनुपस्थित मिलने पर सफाई कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई करें। नगर के सरकारी स्कूलों के आसपास, सरकारी कार्यालयों, कांशीराम कालोनी क्षेत्र के आसपास साफ-सफाई व्यवस्था को बेहतर रखें। गंदगी मिलने पर संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। नव वर्ष को लेकर प्रत्येक वार्ड में जीपीवी स्थलों को समाप्त कराकर सुंदरीकरण कराया जाए और वार्डों में व्यापक सफाई अभियान चलाकर सफाई कराई जाए। इस मौके पर डिप्टी कलेक्टर आदेश सिंह, तहसीलदार दिवाकर मिश्रा, एलबीए सुनील कुमार आदि मौजूद रहे।