फोटो 01 एमएएचपी 15 परिचय-भारी मात्रा में बरामद अवैध गुटखा के साथ गिरफ्तार आरोपी। स्रोत: पुलिस
महोबा। कोतवाली कुलपहाड़ के बम्हौरीखुर्द गांव में संचालित एक अवैध गुटखा फैक्टरी पकड़ी है। पकड़े गए आरोपियों की निशानदेही पर इसका पता चला। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर रिपोर्ट दर्ज की है। खाद्य सुरक्षा विभाग भी मामले में जांच कर रहा है।
सीओ कुलपहाड़ रविकांत गोंड ने बताया कि थाना महोबकंठ पुलिस टीम क्षेत्र के कनकुआं मोड़ पर चेकिंग कर रही थी। इसी बीच एक चार पहिया वाहन को रोका गया। इसमें भारी मात्रा में अवैध गुटखा भरा मिला। वाहन में सवार अमित गुप्ता और महबूब से पुलिस ने पूछताछ की तो पता चला कि कोतवाली कुलपहाड़ के बम्हौरीखुर्द गांव में किराये के मकान में अवैध गुटखा फैक्टरी संचालित है।
आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने फैक्टरी में छापा मारा तो वहां से भारी मात्रा में गुटखा, गुटखा बनाने की मशीन, इलेक्ट्रॉनिक कांटा सहित करीब 10 लाख रुपये कीमत का सामान जब्त किया। साथ ही मामले की सूचना खाद्य सुरक्षा विभाग को दी गई। खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारी रामलखन कुशवाहा, चंद्रकांत वाजपेयी ने मौके पर पहुंचकर मामले की छानबीन शुरु की। पुलिस ने आरोपियों पर रिपोर्ट दर्ज कर जेल भेजा है।