महोबा। गर्मी के दौरान नागरिकों को पेयजल संकट से निजात दिलाने के लिए प्रशासन गंभीर हो गया है। जिन इलाकों में पाइपलाइन के माध्यम से पानी नहीं पहुंचेगा और वहां से शिकायत मिलेगी तो टैंकर भेज कर पेयजल आपूर्ति दी जाएगी। पेयजल संकट से जुड़ी जन समस्याओं के निस्तारण के लिए जिले के पांचों नगरी क्षेत्रों के लिए नगर पालिका महोबा में जिला स्तरीय कंट्रोल रूम की भी स्थापना कर दी गई है।
डीएम मृदुल चौधरी की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में पेयजल समस्या के निराकरण को लेकर कार्ययोजना तैयार की गई। डीएम के निर्देश के बाद अधिकारियों ने काम भी शुरू कर दिया है। नगरीय क्षेत्रों के लिए नगर पालिका ईओ को नोडल अधिकारी बनाया गया है। नगर पालिका महोबा में बनाए गए जिला स्तरीय कंट्रोल रूम के नंबर 05281-299400 पर शिकायत की जा सकती है। पालिका ईओ अवधेश कुमार ने बताया कि कंट्रोल रूम में 24 घंटे कर्मचारी तैनात रहेंगे। कंट्रोल रूम में मिलने वाली समस्याओं के त्वारित निस्तारण का हर संभव प्रयास किया जाएगा। उधर, जल निगम के अधिशासी अभियंता संदेश सिंह तोमर का कहना है कि जिन इलाकों में पाइप लाइन से पानी नहीं पहुंचेगा, वहां टैंकरों से पानी पहुंचाने की व्यवस्था रहेगी। इसके लिए अधिकारियों व कर्मचारियों को तैनात कर अलग-अलग जिम्मेदारी सौंपी गई है।