महोबा। जिला अस्पताल में अचानक बिजली सप्लाई का पॉवर घटने व बढ़ने से पैथोलॉजी में स्थापित सीबीसी मशीन की आईसी फुंक गई।
मशीन में तकनीकी खराबी आने के चलते सीबीसी से संबंधित करीब 100 ब्लड सैंपलों की जांच नहीं हो सकी। इससे इलाज के जिला अस्पताल में आए मरीजों का समुचित इलाज नहीं हो सका।
जिला अस्पताल की ओपीडी में इन दिनों प्रतिदिन एक हजार से अधिक मरीज आ रहे हैं। इनमें वायरल बुखार से पीड़ित मरीजों की संख्या सर्वाधिक है। ऐसे में डॉक्टर मरीज का रक्त परीक्षण कराने के बाद ही उनका इलाज कर रहे हैं।
वहीं पैथोलॉजी में स्थापित सीबीसी मशीन की आईसी फुंक जाने के चलते मरीजों का ब्लड सैंपल लेने के बाद जांच नहीं हो सकी। मरीजों को वापस लौटना पड़ा।
जिला अस्पताल के सीएमएस डॉ. पवन कुमार अग्रवाल का कहना है कि सीबीसी मशीन सही कराने के लिए इंजीनियर को बुलाया गया है। शीघ्र ही मशीन को सही करा दिया जाएगा।