महोबा। लगातार मौसम में हो रहे बदलाव का असर लोगों की सेहत पर पड़ रहा है। जिला अस्पताल की ओपीडी में सांस व एलर्जी के मरीजों की संख्या दोगुनी हो गई है। चिकित्सक मरीजों को दवाइयों के साथ सावधानी बरतने की सलाह दे रहे हैं।
मंगलवार को सुबह आठ बजे ओपीडी खुलते ही मरीजों व तीमारदारों की भीड़ जुटी। ऑनलाइन पर्चा बनवाने से लेकर दवाइयां लेने तक मरीजों को मशक्कत करनी पड़ी। ओपीडी में 700 से अधिक मरीजों ने उपचार कराया। सांस संबंधी समस्याओं से ग्रसित 50 से 60 मरीज पहुंचे। सामान्य दिनों में जहां सांस के मरीजों की संख्या 25 से 30 से होती थी जो संख्या 50 से 60 तक पहुंच गई है।
जिला अस्पताल के डॉ. राजेश कुमार भट्ट ने बताया कि मौसम में नमी से वायरस का संक्रमण बढ़ जाता है। इससे सांस के पुराने मरीजों की परेशानी बढ़ जाती है। एलर्जी के मरीजों को सर्दी-जुकाम, नाक से पानी और आंखों में खुजली होती है। ऐसे में उन्हें दवाइयों के लगातार सेवन के साथ सावधानी बरतने को कह रहे हैं।