फोटो 03 एमएएचपी 19 परिचय-समीक्षा बैठक में निर्देश देते जिले के प्रभारी मंत्री मनोहरलाल। संवाद
- फोटो : सांकेतिक
महोबा। जिले के प्रभारी मंत्री मनोहरलाल ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसानों को पर्याप्त खाद-बीज उपलब्ध कराया जाए ताकि रबी की बोआई के दौरान परेशानी न हो। उन्होंने कुलपहाड़ के बीज वितरण केंद्र की समस्याओं का तत्काल निस्तारण करने और अधिक से अधिक पात्र किसानों को प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना का लाभ दिलाने के लिए कहा।
मंगलवार को विकास भवन सभागार में विकास कार्यों और कानून व्यवस्था की समीक्षा बैठक में प्रभारी मंत्री ने स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार, जननी सुरक्षा योजना के लाभार्थियों को समय से भुगतान और आवास योजनाओं के सर्वेक्षण व सत्यापन कार्य जल्द पूरा कराने के निर्देश दिए। ग्रामीण स्टेडियम का निर्माण समय से पूरा करने और फैमिली आईडी के लिए विशेष शिविर लगाने को कहा। उन्होंने गोरखगिरि में गुरु गोरखनाथ की मूर्ति स्थापित कराने, शिव तांडव मंदिर के क्षतिग्रस्त पिलरों की मरम्मत और पर्यटन परियोजनाओं को शीघ्र पूरा कराने के निर्देश दिए। चरखारी-मुस्करा मार्ग, गौरहारी और मुढ़ारी की सड़कों की मरम्मत के साथ गड्ढामुक्त अभियान तेज करने को कहा। जलापूर्ति सुधारने, खोदी गई सड़कों की मरम्मत और गोशालाओं में चारा-पानी की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
कानून व्यवस्था की समीक्षा में डग्गामार और ओवरलोड वाहनों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद प्रभारी मंत्री ने नैकाना विद्यालय, कान्हा गोशाला, जिला लाइब्रेरी और गोरखगिरि के निर्माणाधीन म्यूजिकल सेंटर का निरीक्षण किया। बैठक में डीएम प्रभास कुमार, एसपी शशांक सिंह समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।