शहर के खनगा बाजार चौराहे के समीप एक टेंट हाउस में आग लग जाने से
करीब डेढ़ लाख की संपत्ति जलकर राख हो गई। टेंट मालिक ने दुकान में अज्ञात
लोगों द्वारा आग लगाए जाने का आरोप लगाते हुए कोतवाली में तहरीर दी है।
शहर के मुहल्ला कत्तीपुरा निवासी मोहम्मद वाजिद की खनगा बाजार चौराहे पर टेंट हाउस की दुकान है। रात्रि मे वह दुकान बंद करके अपने घर चला गया। तड़के सुबह उसके पास कुछ लोगों का फोन आया कि दुकान में आग लग गई है। जब तक वह दुकान पहुंचा तो आधा सामान जलकर राख हो चुका था। मोहल्लेवासियों के सहयोग से आग पर किसी तरह से काबू पाया गया, लेकिन तब तक आग की चपेट में आने से डेढ़ लाख रुपये का सामान जलकर राख हो गया था। पीड़ित ने कोतवाली महोबा में दी गई तहरीर में आरोप लगाया है कि उसकी दुकान में आग लगी नहीं है, बल्कि आग लगाई गई है। तहरीर में बताया कि दुकान में न तो बिजली का कनेक्शन है और न ही किसी भी तरह की दुकान में आग जलाई जाती है, इसलिए आग लगने का कोई सवाल ही नहीं उठता। कोतवाली प्रभारी ने तहरीर लेकर जांच पड़ताल शुरू कर दी है। कोतवाल शिवशंकर शुक्ल का कहना है कि जांच के बाद ही रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।