पूरे हॉट-स्पॉट इलाकों को कराया सैनिटाइज
संवाद न्यूज एजेंसी
महोबा। दो स्वास्थ्यकर्मी के कोरोना पॉजीटिव पाए जाने के बाद डीएम अवधेश कुमार तिवारी ने उनका इलाका सील करने के बाद पूरे परिवार की जांच कराई। इसके बाद उन्हें होम क्वारंटीन कर दिया गया। साथ ही पूरे हॉटस्पॉट वाले इलाके को सैनिटाइज कराया गया।
डीएम और पुलिस अधीक्षक मणिलाल पाटीदार ने दोनों मरीजों के घर पहुंचकर आसपास के लोगों से बातचीत की।
डीएम ने खाद्य आपूर्ति के नोडल अधिकारी को निर्देश दिए कि आवश्यक वस्तुओं की होम-डिलीवरी सुनिश्चित कराई जाए। कहा कि धैर्य बनाए रखें, सभी लोग मास्क का उपयोग करें और सामाजिक दूरी का पालन करें। सुरक्षा के लिए आरोग्य सेतु एप अवश्य डाउनलोड करें। कहा कि किसी को किसी भी प्रकार की समस्या हो तो कोरोना कंट्रोल रूम व जिला प्रशासन को अवगत कराएं।