महोबा। बागवानी करने की तैयारी कर रहे किसानों के लिए खुशखबरी है। शासन के निर्देश पर उद्यान विभाग की ओर से बुंदेलखंड के जिलों के लिए दो साल बाद औद्यानिक विकास योजना एक बार फिर शुरू की गई है। इस योजना के तहत बागवानी करने पर किसानों को प्रति हेक्टेयर तीन हजार रुपये की दर से अनुदान मुहैया कराया जाएगा। यह अनुदान किसानों को तीन वर्ष तक मिलेगा।
उद्यान विभाग की यह योजना बुंदेलखंड व विंध्य क्षेत्र के लिए लागू की गई है। इस योजना का लाभ पाने के लिए किसानों को अमरूद, आम, आंवला, नींबू, बेर, बेल, अनार आदि के पौधों का रोपण करना होगा। जिला उद्यान अधिकारी सुरेश कुमार ने बताया कि ऐसे किसानों को वरीयता दी जाएगी जिन्होंने कृषि भूमि की कटीले तारों से फेंसिंग की हो और सिंचाई के लिए डि्रप पद्धति की स्थापना कराई हो। किसानों को राजकीय पौधशाला अथवा एक्रीडेटिड पौधशाला से ही पौधे खरीदने होंगे। विभाग की वेबसाइट पर पंजीयन कराने के बाद आधार कार्ड, बैंक पासबुक, भू-अभिलेख, पंजीयन रसीद विभाग के कार्यालय में जमा करनी होगी। इसके बाद भूमि का स्थलीय सत्यापन किया जाए। पात्रता शर्तें पूरी करने वाले किसानों को शासन की इस महत्वाकांक्षी योजना से लाभांवित किया जाएगा।