महोबा। कलक्ट्रेट सभागार में मंगलवार को नोडल अधिकारी व शासन के वित्त सचिव शाहिद मंजर अब्बास रिजवी ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक की। निर्देश दिए कि जिले की चल रहे निर्माण कार्यों को समय से पूरा कराया जाए। उन्होंने सड़क पर घूम रहे अन्ना मवेशियों को गोशाला पहुंचाकर भूसा, चारा आदि की व्यवस्था की जाए। इस काम में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
वित्त सचिव ने बैठक में गोसंरक्षण, गोशाला, चारागाहों को अवैध कब्जे से मुक्त कराने, पौधरोपण, नैपियर ग्रास लगाने व गोवंशों का टीकाकरण करने के निर्देश दिए। कहा कि जल्द से जल्द नई सड़कों का काम पूरा किया जाए। कृषि विभाग की ओर से गोष्ठी आयोजित कर किसानों को मोटे अनाज के उत्पादन और उनसे होने वाले लाभ के बारे में जागरुक किया जाए। उन्होंने मंडी सचिव को सूपा मंडी जल्द शुरू करने के निर्देश दिए। कहा कि किसानों को पॉली हाउस के फायदे बताए जाएं और योजनाओं का किसानों को लाभ दिया जाए। किसानों को समय पर खाद उपलब्ध कराई जाए। दुग्ध उत्पादन बढ़ाने के लिए समितियों को दूध कंपनियों से जोड़ा जाए। मत्स्य विभाग को निर्देश दिए कि पट्टाधारकों को ज्यादा से ज्यादा लाभ दिया जाए। आयुष्मान कार्ड बनाने के कार्य में तेजी लाकर लक्ष्य को जल्द पूरा किया जाए। सी, डी व ई रैंकिंग वाले विभाग अपनी रैंकिंग में सुधार करें। इस मौके पर एडीएम रामप्रकाश, एडीएम नमामि गंगे मोईनुल इस्लाम, सीडीओ हरेंद्र सिंह आदि मौजूद रहे।