हाईटेंशन लाइन की चिंगारी से तिल की फसल जलकर राख
- फोटो : अमर उजाला
महोबा। कोतवाली क्षेत्र के ग्राम छिकहरा में सूखने के लिए छत पर रखी तिल की फसल में हाईटेंशन लाइन का तार गिरने से लाखों रुपये की फसल जलकर राख हो गई। ग्रामीणों की एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया तब तक तिल की फसल पूरी जलकर राख हो चुकी थी। आग की धनक से छत पर भी दरारें आ गई।
ग्राम छिकहरा निवासी इंदल राजपूत ने आठ बीघा जमीन में तिल की फसल बोई थी। फसल काटने के बाद छत पर पूरी फसल सूखने के लिए रख दी गई। फसल पूरी तरह सूख पाती। इससे पहले ही रविवार को छत के ऊपर से निकले हाईटेंशन लाइन के तारों से स्पार्किंग होने से गिरी आग की चिंगारी तिल की फसल पर गिरी, जिससे तिल की फसल में आग लग गई। आग लगते ही ग्रामीण दौड़ पड़े। हैंडपंपों और कुओं से पानी लाकर लोग आग बुझाने में जुट गए। एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया लेकिन तबतक पूरी फसल जलकर राख हो चुकी थी। घटना की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे लेखपाल ने जायजा लिया और फसल नुकसान का आंकलन कर रिपोर्ट तहसीलदार को सौंप दी। पीड़ित इंदल राजपूत ने बताया कि कई बार बिजली विभाग के अधिकारियों को छत के ऊपर से निकले तारों को हटाने के लिए शिकायती पत्र दिए गए लेकिन आजतक विभाग ने हाईटेंशन लाइन के तार नहीं हटाए। जिससे यह हादसा हो गया।