महोबा। जिला स्पोर्ट्स स्टेडियम में अब विभिन्न खेलों का बेहतर प्रशिक्षण मिल सकेगा। इसके लिए हॉकी, वॉलीबॉल, एथलेटिक्स, क्रिकेट और जिम के प्रशिक्षक की तैनाती प्रक्रिया पूरी हो गई है। स्टेडियम पहुंचने वाले खिलाड़ियों की प्रतिभाओं में अब निखार आएगा। फुटबॉल के प्रशिक्षक का जिम्मा स्वयं उपक्रीड़ा अधिकारी उठा रहे हैं। विभिन्न खेलों के लिए खिलाड़ियों के आवेदन भी कराए जा रहे हैं।
जिला स्पोर्ट्स स्टेडियम में सुबह-शाम 100 से अधिक युवा विभिन्न खेलों का प्रशिक्षण लेने पहुंचते हैं। यहां सभी खेलों के प्रशिक्षक न होने से युवाओं को दिक्कत हो रही थी। खेल निदेशालय के निर्देश पर अलग-अलग खेलों के प्रशिक्षकों की तैनाती की गई है।
हॉकी के प्रशिक्षण के लिए संजय यादव, वॉलीबॉल प्रशिक्षक के रूप में सौरभ, एथलेटिक्स में रवि पटेल, क्रिकेट में इरफान व जिम के लिए वीरेंद्र कुमार भूषण की नियुक्ति की गई है। यह प्रशिक्षक सुबह-शाम खिलाड़ियों को प्रशिक्षण देंगे। जिससे अलग-अलग खेलों में रुचि रखने वाले खिलाड़ी अपना मुकाम हासिल कर सकेंगे।
जिला उप क्रीड़ा अधिकारी रामचंद्र ने बताया कि सभी खेलों के लिए प्रशिक्षकों की नियुक्ति प्रक्रिया पूरी हो गई है। अलग-अलग ग्रुप बनाकर युवाओं को खेलों का प्रशिक्षण दिया जा रहा है।