महोबा/चरखारी। राठ-चरखारी मार्ग पर बृहस्पतिवार की रात गौरहारी गांव के मोड़ पर तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर खंभे से टकरा गई। दुर्घटना में बाइक सवार युवक की मौत हो गई जबकि दो लोग घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को सीएचसी चरखारी में भर्ती कराया। जहां दोनों की हालत नाजुक होने पर जिला अस्पताल रेफर किया गया। बाइक सवार हेलमेट नहीं लगाए थे। इससे उनके सिर पर गंभीर चोटें आईं और एक की जान चली गई।
कोतवाली चरखारी के गोरखा गांव निवासी रोहित प्रजापति (25) रात को बाइक से जनपद हमीरपुर के कैथी निवासी रवि (30) व कामता प्रसाद (45) के साथ किसी कार्य से कस्बा चरखारी से कैथी गांव जा रहा था। तभी रास्ते में गौरहरी गोशाला के पास मोड़ पर बाइक तेज गति में होने से असंतुलित हो गई और सड़क किनारे लगे बिजली के खंभे से टकरा गई। इससे तीनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
राहगीरों की सूचना पर पहुंची चौकी पुलिस व यूपी 112 नंबर ने घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चरखारी पहुंचाया। जहां डॉक्टर ने कामता को मृत घोषित कर दिया जबकि रोहित और रवि की हालत नाजुक होने पर जिला अस्पताल रेफर किया गया। घटना की सूचना मृतक के परिजनों को दी गई। उधर, कोतवाली प्रभारी राहुल मिश्रा का कहना है कि दुर्घटना की जांच कराई जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।