महोबा। जिला महिला अस्पताल में भर्ती तीन दिन के नवजात की बुधवार की रात मौत हो गई। परिजनों ने अस्पताल के बेड में चीटियां होने और नवजात को काटने से मौत का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। एसडीएम जितेंद्र कुमार ने परिजनों को कार्रवाई का भरोसा देकर शांत कराया।
कुलपहाड़ के मुढ़ारी गांव निवासी सुरेंद्र रैकवार की पत्नी सीमा को प्रसव पीड़ा पर 30 मई को जिला महिला अस्पताल में भर्ती कराया था। उसी दिन सीमा ने पुत्र को जन्म दिया था। हालत ठीक न होने पर नवजात को चाइल्ड केयर वार्ड में भर्ती कराया गया था। बुधवार की रात नवजात की मौत हो गई। नवजात की बुआ राजकुमारी का आरोप है कि जिस बेड पर नवजात को लिटाया गया, वहां काफी चीटियां थीं। चीटियों के काटने से उसकी हालत बिगड़ गई। महिला अस्पताल के सीएमएस डॉ. डीके सुल्लेरे का कहना है कि जांच कराई जाएगी। दोषी के खिलाफ कार्रवाई होगी। बिस्तर पर चीटी होने की बात गलत है। नवजात की हालत गंभीर थी।