खन्ना (महोबा)। बुखार का कहर थम नहीं रहा है। विकास खंड कबरई के कस्बा खन्ना में सप्ताह भर में छह लोगों ने बुखार की चपेट में आकर दम तोड़ दिया है। इससे यहां के लोग खौफजदा हैं। लोगों की शिकायत है कि गंदगी की भरमार से बीमारियां फैल रही हैं। इसके बाद प्रशासन ध्यान नहीं दे रहा है।
मौसम के उतार-चढ़ाव में ग्रामीण क्षेत्रों में बीमारियों ने पांव पसारना शुरू कर दिया है। वायरल, बु्खार, खांसी, जुकाम, डेंगू के मरीज मिल रहे हैं। कस्बा खन्ना में सप्ताह भर में बलबीर सिंह(75), जीवन सिंह (70), श्याम देवी (62),गोली सिंह (60) , भवानी दीन (80) वर्ष,सुम्मी प्रजापति (65) की मौत हो गई है।
लगभग 12 हजार आबादी वाले कस्बे में एक प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र है, जिससे 20 गांव जुड़े हुए हैं। पीएचसी में बदहाल स्वास्थ्य सुविधाओं से लोगों को लाभ नहीं मिल पा रहा है। जिससे मरीज कस्बे से 15 किलोमीटर दूर कबरई या मौदहा जाना पड़ता है। पीएचसी में खांसी, जुकाम, बुखार उल्टी दस्त के अधिकतर मरीज आ रहे हैं । गुरुवार को पीएचसी में मरीज अपनी बारी का इंतजार करते रहे। प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र के फार्मासिस्ट नरेश वर्मा ने बताया कि इस समय कफ एंड कोल्ड के मरीज आ रहे हैं।
उधर, सीएमओ डॉ. मनोज कांत सिन्हा का कहना है कि खन्ना में सप्ताह भर में छह मौतों की जानकारी नहीं हैं। स्वास्थ्य टीम को मौके पर भेजकर जांच की जाएगी।