महोबा। प्रत्येक माह की नौ तारीख को मनाये जाने वाले प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान के साथ इस बार अंतरा दिवस भी मनाया जाएगा। परिवार नियोजन को बढ़ावा देने के लिए जिले के सभी स्वास्थ्य केंद्रों पर महिलाओं को गर्भ निरोधक इंजेक्शन अंतरा की सेवा प्रदान की जाएगी। इसके लिए शासन ने निर्देश जारी किए हैं।
कार्यक्रम के नोडल अधिकारी डॉ. सुनील सचान ने बताया कि 9 अप्रैल को विशेष अंतरा दिवस के तहत जिले के सभी सीएचसी, पीएचसी, यूपीएचसी, उपकेंद्र व हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर पर परिवार नियोजन के प्रति जागरूक करते हुए महिलाओं को गर्भ निरोधक इंजेक्शन लगाया जाएगा।
जिला परिवार नियोजन एवं लाजिस्टक मैनेजर जितेश सोनी ने बताया कि टोल फ्री अंतरा केयरलाइन 1800-103-3044 के जरिए महिलाएं इससे आसानी से जुड़ सकती हैं। टोल फ्री नंबर डायल करने पर अंतरा से जुड़ी हर समस्या पर सलाह आसानी से मिल जाती है।