महोबा। जिला अस्पताल व इमरजेंसी वार्ड के सांसद निधि से कराने उच्चीकरण व आधुनिकीकरण कार्य पूरा होने पर शुक्रवार को भाजपा सांसद पुष्पेंद्र चंदेल ने इमरजेंसी वार्ड का लोकार्पण किया। उन्होंने कहा कि सरकार लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मुहैया कराने के लिए तत्पर है। इमरजेंसी वार्ड का आधुनिकीकरण होने से अब मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिलेंगी।
जिला अस्पताल में जलभराव के चलते बारिश के मौसम में दो से तीन फीट ऊंचा पानी भर जाता था। इससे मरीजों व तीमारदारों को भारी दिक्कत हो रही थी। सांसद निधि से जिला अस्पताल में उच्चीकरण का कार्य कराया गया। इमरजेंसी वार्ड का संचालन ओपीडी के एक कक्ष से किया गया। चार माह बाद निर्माण कार्य पूरा होने पर इमरजेंसी वार्ड का सांसद ने लोकार्पण किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि सभी लोग मिलकर कार्य करें और सहयोग की भावना रखें।
जिलाधिकारी ने कहा कि जिले में ही बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं लोगों को मुहैया कराई जाए, जो दिक्कत आए उन्हें अवगत कराए। समस्या का निराकरण कराया जाएगा। सांसद ने उच्चीकृत इमरजेंसी वार्ड को देखा। कार्यक्रम में डीएम सत्येंद्र कुमार, एसपी अरुण कुमार श्रीवास्तव, जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि रमेश यादव, भाजपा जिलाध्यक्ष जितेंद्र सिंह सेंगर, सीएमओ डा. मनोजकांत सिन्हा, सीएमस डा. आरपी मिश्रा, समाजसेवी शिवकुमार गोस्वामी, दाऊ तिवारी, रामजी गुप्ता समेत चिकित्सक व कर्मचारी मौजूद रहे।