सीएचसी के निरीक्षण के दौरान निर्देश देते सीएमओ
- फोटो : MAHOBA
चरखारी (महोबा)। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. मनोज कुमार सिन्हा ने शुक्रवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चरखारी का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सफाई व्यवस्था बेहतर बनाने व अस्पताल आने वाले मरीजों को निशुल्क दवा मुहैया कराने के निर्देश दिए। प्रभारी अधीक्षक को बिना पंजीयन इलाज करने वाले झोलाछापों की सूची तैयार कर कार्रवाई के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान सीएमओ ने वार्डों का निरीक्षण किया। उन्होंने भर्ती मरीजों से मिलने वाली सुविधाओं की जानकारी ली। कर्मचारियों का उपस्थित रजिस्टर चेक किया। उन्होंने चिकित्सा अधीक्षक डॉ. विनोद कुमार को निर्देश दिए कि परिसर में बने 30 शैय्या कोविड सेंटर में मरीज न होने पर उन्होंने उस वार्ड को दोबारा डिलीवरी वार्ड शिफ्ट कर दिया जाए। सीएचसी में ही एक आयुष्मान वार्ड भी बनाने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान मरीजों ने झोलाछापों के कस्बा में सक्रिय होने की सूचना दी। इस पर सीएमओ ने कहा कि झोलाछापों को चिन्हित करके कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि ऐसे लोग 14 दिन के अंदर या तो अपना रजिस्ट्रेशन करा ले या अपना काम बंद कर दें। सीएमओ ने सीएचसी अधीक्षक को झोलाछाप की सूची बनाने के लिए निर्देश दिए। कहा कि अभियान चलाकर ऐसे लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। इस मौके पर डॉ. विनय कुमार पटेल, डॉ. धर्मवीर सरोज, अंकुर राजावत आदि मौजूद रहे।