सीएचसी के निरीक्षण में निर्देश देते सीएमओ
- फोटो : MAHOBA
कुलपहाड़ (महोबा)। मुख्य चिकित्सा अधिकारी मनोज कांत सिन्हा ने शनिवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कुलपहाड़ का निरीक्षण किया। इस दौरान आक्सीजन रिकार्ड रजिस्टर दुरुस्त न मिलने पर सीएमओ ने नाराजगी जताई। साफ-सफाई के निर्देश भी दिये। निरीक्षण में सीएमओ ने सबसे पहले अस्पताल की सफाई व्यवस्था परखी। अस्पताल के बाहरी हिस्से में गंदगी मिलने पर सफाई कराने के निर्देश दिए।
टीकाकरण रजिस्टर, दवाओं का रख रखाव व लेबर रूम का निरीक्षण किया। आक्सीजन रजिस्टर व्यवस्थित न मिलने पर नाराजगी जताई। सीएमओ ने सीएचसी प्रभारी चिकित्सा अधीक्षक डा. अंबरीश राजपूत को निर्देश दिए कि अस्पताल आने वाले मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मुहैया कराई जाएं। अस्पताल से ही मरीजों को दवाएं दी जाए। बाहर से दवाएं मंगाने की शिकायत मिलने पर संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
-----------------------------------
कोरोना संक्रमण के बीच मलेरिया में आई कमी महोबा। कोरोना संक्रमण के बीच मलेरिया के मामलों में कमी आई है। इस साल अब तक केवल तीन मलेरिया के मरीज मिले हैं। पिछले साल इस दौरान 48 मरीज मिले थे।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. मनोज कांत सिन्हा ने बताया कि मलेरिया रोग की रोकथाम के साथ ही बचाव के अधिक प्रयास किए जा रहे हैं। लोगों में भी जागरूकता आ रही है। 2019 में 46,498 लोगों की स्लाइड बनाई गई थीं। 48 मलेरिया मरीज मिले थे। इस वर्ष जनवरी से अब तक 16,626 स्लाइड बनाई गईं। इसमें सिर्फ तीन मलेरिया मरीज मिले हैं।
लगातार फॉगिंग और छिड़काव की वजह से मलेरिया का लार्वा काफी हद तक नष्ट हुआ है। इससे मलेरिया मरीजों में वृद्धि नहीं हो सकी। जिला मलेरिया अधिकारी आरपी निरंजन ने बताया कि कोरोना संक्रमण के चलते जगह-जगह सैनिटाइजेशन, फॉगिंग कराई जा रही है। इसके चलते भी इसमें कमी देखने को मिल रही है।