फोटो 30 एमएएचपी 16 परिचय-जिला अस्पताल में स्वाइन फ्लू को लेकर बनाया गया वार्ड। संवाद
-स्वास्थ्य विभाग ने की टैमीफ्लू दवा व पीपीई किट की व्यवस्था
-सीएमओ ने गठित की जिला स्तरीय रिस्पांस टीम
संवाद न्यूज एजेंसी
महोबा। देश के विभिन्न हिस्सों में स्वाइन फ्लू के बढ़ते मामलों को देखते हुए जिले का स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह सतर्क हो गया है। सीएमओ डॉ. विनय कुमार के निर्देशन में स्वाइन फ्लू से बचाव और उपचार को लेकर आवश्यक तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। जिला अस्पताल में अलग वार्ड बनाया गया है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से टैमीफ्लू दवा व पीपीई किट की व्यवस्था की गई है। साथ ही किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए जिला स्तरीय रिस्पांस टीम का गठन किया गया है।
सीएमओ ने सभी सीएचसी अधीक्षकों को निर्देश दिए हैं कि स्वाइन फ्लू जैसे लक्षण वाले मरीजों पर विशेष निगरानी रखी जाए। जरूरत पड़ने पर जिला अस्पताल में स्वाइन फ्लू से प्रभावित मरीजों को अलग वार्ड में रखा जाए। अस्पतालों में आने वाले मरीजों की जांच और उपचार की समुचित व्यवस्था की जाए। उन्होंने बताया कि स्वाइन फ्लू के प्रमुख लक्षणों में तेज बुखार, ठंड लगना, लगातार सिरदर्द, सूखी खांसी, गले में खराश, नाक बहना, मांसपेशियों व शरीर में जोड़ों का दर्द शामिल हैं। अत्यधिक थकान, सांस लेने में तकलीफ और उल्टी-दस्त भी इसके लक्षण हो सकते हैं।
उन्होंने लोगों से संक्रमण से बचाव के लिए मास्क का प्रयोग करने, हाथों की नियमित सफाई रखने व चिकित्सकीय सलाह का पालन करने की अपील की है। कहा कि बुखार, खांसी या सांस फूलने जैसे लक्षण दिखाई देने पर स्वयं दवा न लें बल्कि तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र और अस्पताल में चिकित्सकीय जांच कराएं।