महोबा। जनपद में कोविड-19 टीकाकरण अभियान को गति प्रदान करने के लिए जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ कलक्ट्रेट सभागार में बैठक की। टीकाकरण कार्ड दिखाने वाले लोगों को ही राशन वितरण के निर्देश दिए।
डीएम ने कहा कि जिले में पुरुषों की तुलना में महिलाओं के वैक्सीनेशन में कमी देखी जा रही है। ग्रामीण स्तर पर महिलाओं को जागरूक कर उनका वैक्सीनेशन कराने के लिए मोबिलाइजेशन टीमें लगायी जाएं। वर्तमान में जिले में 137 टीमें 18 प्लस तथा 137 टीमें 45 प्लस के लोगों का वैक्सीनेशन के लिए लगाई गईं हैं। प्रतिदिन तकरीबन 65 से 70 टीकाकरण सत्र आयोजित किए जा रहे हैं।
प्रत्येक सत्र में लक्ष्य के सापेक्ष बहुत ही कम वैक्सीनेशन हो पा रहा है। प्रतिदिन का लक्ष्य 6000 लोगों का वैक्सीनेशन करने का है जबकि मात्र 1000 से 1500 लोगों का ही वैक्सीनेशन हो पा रहा है। उन्होंने सभी एसडीएम व बीडीओ को निर्देशित किया है कि तहसील स्तर पर मोबिलाइजेशन टीमों का प्रशिक्षण कराकर टीकाकरण में तेजी लायी जाए। सोमवार से प्रतिदिन लगभग 15000 लोगों को वैक्सीन देने का प्रयास होना चाहिए।
31 तक 80 फीसदी युवाओं के टीकाकरण का लक्ष्य
जिलाधिकारी ने कहा कि 31 जुलाई तक जिले की 80 प्रतिशत 18 प्लस आबादी के टीकाकरण का लक्ष्य रखा गया है। प्रधान, कोटेदार, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सफाई कर्मी आदि को लगाया जाए। प्रत्येक ग्राम पंचायत में टीकाकरण शत प्रतिशत न पाए जाने पर संबंधित टीम की जवाबदेही तय की जाएगी। बैठक में सीडीओ डॉ. हरिचरन सिंह, सीएमओ डॉ. एम के सिन्हा, एडीएम नमामि गंगे जुबेर बेग, एसडीएम कुलपहाड़ सुथान अब्दुल्ला, एसडीएम चरखारी पीयूष जायसवाल, एसडीएम सदर मो. अवेश, डिप्टी कलक्टर स्वेता गुप्ता, डीएसओ एसपी शाक्य, सूचना अधिकारी सतीश यादव सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।