जिले में संक्रामक बीमारियां थमने का नाम नहीं ले रही हैं। बीमारी की चपेट में आकर एक दुध मुंहे बच्चे समेत दो लोगों की मौत हो गई। जबकि सैकड़ों मरीज प्रतिदिन अस्पताल में भर्ती कराए जा रहे है। सबसे ज्यादा मरीज उल्टी, दस्त और बुखार से पीड़ित आ रहे हैं।
थाना श्रीगनर के पिपरामाफ गांव निवासी गंगासिंह (75) कुछ दिनों से उल्टी दस्त और बुखार से पीड़ित था। रविवार को उसे जिला अस्पताल लाया गया। जहां पर इलाज के दौरान सोमवार को उसकी मौत हो गई। इसी तरह ग्राम कैमाहा निवासी केशकली का एक माह का बच्चा भी संक्रामक बीमारी के चपेट में आ गया। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। इलाज दौरान उसकी भी मौत हो गई।
मौसम के बदले मिजाज के साथ मरीजों की संख्या में भी तेजी से इजाफा हो हर है। तेज धूप और गर्मी पड़ने से उल्टी दस्त के मरीजों की संख्या दिन प्रतिदिन बढ़ती जा रही है। हालात ये है कि एक दिन में एक हजार से 1200 नए मरीज जिला अस्पताल आ रहे है। जिला अस्पताल के सभी वार्ड मरीजों से खचाखच भरे है। मरीजों की बढ़ती संख्या देखते हुए अस्पताल प्रशासन ने गैलरी में भी बेडों की व्यवस्था की है।