महोबा। जिले में मतदाता सूचियों के सघन पुनरीक्षण के बाद जारी हुईं कच्ची मतदाता सूचियों में कमियां सामने आ रही हैं। अधिकांश लोगों के मकान नंबर मनमाने ढंग से डाले गए हैं। इसमें हिंदू-मुस्लिम परिवार एक साथ एक ही मकान में निवास करना दर्शाया गया है। हालांकि, अधिकारी नए पोलिंग बूथ बनाए जाने से मकान नंबर बदल जाने की बात कह रहे हैं।
निर्वाचन आयोग के निर्देश पर जिले में मतदाता सूचियों का सघन पुनरीक्षण (एसआईआर) किया गया। इसके बाद छह जनवरी को जारी हुई कच्ची मतदाता सूचियों का पोलिंग बूथ स्तर पर वाचन करने, नए नाम जोड़ने और संशोधन करने के लिए बीएलओ कार्य कर रहे हैं। पोलिंग बूथों में पहुंचने वाले अधिकांश लोगों की शिकायत मकान नंबर गलत दर्ज हो जाने की है। इसके साथ ही नामों में मात्राएं गलत हो जाने, किसी के पिता का नाम आधा दर्ज हो जाने की शिकायतें भी बहुतायात में हैं।
शहर के बड़ीहाट मोहल्ले की मतदाता सूची में चार मतदाताओं के मकान नंबर शून्य दर्ज कर दिए गए। वहीं, मकान नंबर 242 पर अजीज, बेबी, इजहार, रहमत के साथ ही हरप्रताप सिंह, अनीता आदि को मतदाता दिखाया गया। मकान नंबर 243 में राजेंद्र के साथ मोहम्मद सफी को मतदाता दर्शाया गया। चरखारी कस्बे के अमरगंज मोहल्ले की मतदाता सूची में मकान नंबर 122 में मासूमन खां के साथ जगदीश, आशा, यूसुफ, अनीसा आदि, मकान नंबर 367 में शांति के साथ यासमीन, सावित्री, सोनू, नफीस , आलोक, दिलशाद आदि को मतदाता दिखाया गया है। वहीं मकान नंबर 1352 में महमूदुल के साथ पदम सिंह, जाहिदा, ललिता को मतदाता के रूप में दर्ज किया गया है। इन कमियों को दूर कराने के लिए लोग बीएलओ के पास पहुंच रहे हैं। उन्हें अब फार्म-8 के साथ पता, पहचान के दस्तावेज के साथ फोटो लगानी पड़ रही है। एसआईआर फार्म भरते समय फोटो देने के बाद दोबारा फोटो मांगे जाने से कई लोग परेशान हैं। मतदाता नीरज तिवारी कहते हैं कि उनके परिवार के तीन लोगों के नाम में संसोधन होना है। पहले भी एसआईआर फार्म में फोटो व आधार कार्ड की प्रति लगाकर जमा किया था। अब फिर से कागज जमा करने पड़ रहे हैं। चरखारी तहसीलदार रामानंद मिश्रा का कहना है कि कई पोलिंग बूथ में मतदाताओं की संख्या काफी ज्यादा हो गई थी। इसलिए नए पोलिंग बूथ बनाए गए हैं। मतदाता सूची के क्रमांकीकरण के कारण कुछ गलतियां हो गई हैं। अंतिम मतदाता सूची में इन्हें दुरुस्त कर लिया जाएगा।