फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

उत्पीड़न न रुका तो बंद कर देंगे पत्थर मंडी

विज्ञापन
डीएम को ज्ञापन देते यूनियन के लोग। - फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
विज्ञापन
 रॉयल्टी की लगातार हो रही कमी और पहाड़ों पर पुलिस की छापेमारी से परेशान व्यापारियों ने तीन दिनों में पत्थर मंडी बंद करने की चेतावनी दी है। ये निर्णय क्रशर यूनियन ने बुधवार को अलीपुरा स्थित कार्यालय में बैठक करके लिया। इसके बाद उद्योग संचालन के लिए रॉयल्टी की दर घटाने व राजस्थान की खनिज पॉलिसी लागू कराने के लिए डीएम को ज्ञापन सौंपा।
विज्ञापन



क्रशर यूनियन अध्यक्ष राघवेंद्र सिंह की अध्यक्षता में हुई बैठक में क्रशर प्लांट में निरंतर रॉयल्टी की कमी पर विचार विमर्श किया गया। यूनियन के उपाध्यक्ष छोटे भैया ने बताया कि 300 से अधिक क्रशर प्लांट हैं। पट्टे कुल 70 संचालित हैं। क्रशर प्लांट से गिट्टी निकासी के लिए प्रयोग की जाने वाली रॉयल्टी 200 की जगह 600 रुपये मिल रही है।

अन्य जिलों में रॉयल्टी की दरें बहुत कम हैं। मंडी में रॉयल्टी कमी के कारण क्रशर चलाने में दिक्कत आ रही है। दर्जनों प्लांट बंद हो चुके हैं। रॉयल्टी की उचित व्यवस्था प्रशासन करे या राजस्थान की तरह पॉलिसी लागू करे।
विज्ञापन



राम किशोर सिंह ने कहा कि पुलिस बिना किसी सूचना के पहाड़ों पर आपराधिक मामलों की भांति छापेमारी कर रही है जिससे एक माह से मंडी का खनन कारोबार बंद है। पुलिस का उत्पीड़न रोका जाए। इंद्रकांत त्रिपाठी ने कहा कि बैरियर से खनिज की रॉयल्टी नगद राशि लेकर ट्रकों से वसूली जाए ताकि ई-रॉयल्टी की दिक्कत न हो। रॉयल्टी की कमी से रोज प्लांट बंद होते जा रहे हैं।


सत्येंद्र अग्निहोत्री ने कहा कि रॉयल्टी और पुलिस की समस्या से कारोबार ठप है। वसीम अहमद ने कहा कि यदि तीन दिन में प्रशासन ने कोई ठोस निर्णय क्रेशर व्यापारियों की समस्या के बाबत नहीं लिया तो पत्थरमंडी बंद कर दी जाएगी।

गोपाल दत्त पांडेय ने कहा कि पहाड़ पट्टा धारकों को अमोनियम नाइट्रेट, विस्फोटक के लाइसेंस खनन के लिए डीएम जारी करें। बैठक में उपेंद्र शुक्ला, कुट्टू महराज, मुकेश गुरुदेव, देवेंद्र मिश्रा, प्रदीप अग्रवाल, रज्जन शिवहरे, पुरुषोत्तम सोनी, बाल किशोर द्विवेदी, अमर सिंह आदि मौजूद रहे।


क्रशर यूनियन ने अलीपुरा में बैठक के बाद कलक्ट्रेट जाकर डीएम सहदेव को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में मांग की कि पुलिस उत्पीड़न रोका जाए। रॉयल्टी की समस्या तत्काल निपटाई जाए। डीएम ने तत्काल खनिज अधिकारी को पत्थर उद्योग से जुड़े अधिकारियों की बैठक बुलाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जल्द समस्या निस्तारित की जाएगी। एसपी से क्रशर पहाड़ में छापेमारी के बारे में बात की जाएगी। साथ ही क्रशर पहाड़ मालिकों का उत्पीड़न न होने देने का आश्वासन दिया।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें