महोबा। सावन मास में पूजा-पाठ के लिए शिवालयों में तैयारियां पूरी हो गई हैं। सावन के पहले सोमवार को शिवालय हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयकारों से गूंजेंगे।
सुरक्षा की दृष्टि से मंदिरों के बाहर पुलिस फोर्स तैनात रहेगी। प्रमुख शिव मंदिरों में 200 मीटर दूर पार्किंग स्थल भी बनाए गए हैं। मान्यता है कि सावन में भगवान शिव की पूजा करने से सभी मनोकामनाएं पूरी होती हैं।
सावन मास को लेकर शहर के शिव तांडव मंदिर, रामकथा मार्ग स्थित द्वादश ज्योतिर्लिंग मंदिर, बलखंडेश्वर मंदिर, बड़ी चंद्रिका स्थित विशाल शिव मंदिर, उमंगेश्वर मंदिर समेत सभी शिवालयों में रंगाई-पुताई के साथ साफ-सफाई कराई गई।
इसके अलावा मंदिरों के रास्तों को दुरुस्त कराया गया है। द्वादश ज्योर्तिलिंग मंदिर में मिट्टी से शिवलिंग बनाने के लिए भक्तों की भीड़ जुटेगी। सर्वाधिक भीड़ वाले मंदिरों में एक दरोगा के साथ पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है।
ज्योतिषाचार्य पं. भरत त्रिपाठी ने बताया कि सावन में सोमवार के दिन सूर्योदय से पहले उठकर स्नान करें। ओम नमः शिवाय मंत्र से पूजन करें। इससे सभी मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं।