महोबा। ब्लाॅक पनवाड़ी की ग्राम पंचायत गुगौरा के प्रधान मनोज कुमार व सचिव धर्मवीर को स्वच्छता सर्वेक्षण ग्रामीण 2023 में उत्कृष्ट कार्य करने पर स्वच्छता ही सेवा पखवाड़े के शुभारंभ के मौके लखनऊ में सम्मानित किया गया। प्रदेश स्तर पर मिले इस सम्मान से महोबा जिला गौरवांवित हुआ है।
गौरतलब है कि शासन की ओर से प्रदेश की मॉडल 18 ग्राम पंचायतों के प्रधानों को तेलंगाना राज्य के भ्रमण पर भेजा गया था। 10 से 15 सितंबर तक तेलंगाना की करीब आधा दर्जन से अधिक पंचायतों का भ्रमण कराया गया। इस दौरान प्रधानों ने वहां की ग्राम पंचायतों के विकास कार्याें को नजदीक से जाना। गुगौरा प्रधान मनोज कुमार को तेलंगाना के विकाराबाद जिले की ग्राम पंचायत चीमलादारी के प्रधान नरसिम्हा रेड्डी ने सम्मानित किया था।
लखनऊ में सोमवार को आयोजित कार्यक्रम के दौरान सोमवार को यूपी के कृषि आयुक्त मनोज कुमार, स्वच्छ भारत मिशन निदेशक राजकुमार सिंह, स्वच्छ भारत मिशन उप निदेशक एसएन सिंह, पंचायती राज उप निदेशक प्रवीणा व आईडीसी प्रमुख निदेशक अखिलेश कुमार ने गुगौरा प्रधान व सचिव को सम्मानित किया। एक सप्ताह के अंदर दो प्रदेशों से मिले सम्मान से गुगौरा प्रधान काफी गदगद हैं। उन्होंने अपनी ग्राम पंचायत में बेहतर विकास कार्य कराकर यूपी के साथ ही अन्य प्रदेशों के लिए नजीर पेश की है।