महोबा। शहर के वीरभूमि राजकीय महाविद्यालय में समाज कल्याण विभाग की ओर से संचालित निशुल्क अभ्युदय कोचिंग में अध्ययनरत छात्रों को अब अतिथि प्रवक्ता भी पढ़ाएंगे। इसको लेकर विकास भवन सभागार में अलग-अलग विषयों के अभ्यर्थियों का साक्षात्कार हुआ।
साक्षात्कार में पंजीकृत 16 अभ्यर्थियों के सापेक्ष 12 अभ्यर्थी ही उपस्थित हुए। इस दौरान सीडीओ बलराम कुमार, समाज कल्याण अधिकारी शशिकांत सिंह, वीरभूमि कॉलेज के प्राध्यापक प्रो. प्रदीप कुमार, डॉ. अरविंद कुमार, डॉ. कृष्णचंद्र वर्मा, डॉ. एसएस राजपूत, प्रो. अनवर आलम, डॉ. शक्ति सक्सेना, अभ्युदय कोचिंग के कोर्स कोआर्डिनेटर विशाल सिंह ने अभ्यर्थियों का साक्षात्कार लिया। विशाल सिंह ने बताया कि भौतिक विज्ञान, वनस्पति विज्ञान, जीव विज्ञान, इतिहास, राजव्यवस्था, भूगोल एवं पर्यावरण व रीजनिंग विषयों के अतिथि प्रवक्ता तैनात किए जाना है। जल्द ही साक्षात्कार का परिणाम जारी होगा। इसके बाद अतिथि प्रवक्ता अपनी सेवाएं दे सकेंगे। इस समय अभ्युदय कोचिंग में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के साथ ही प्रत्येक शनिवार को पीसीएस, यूपीएसआई, नीट व ग्रुप डी निशुल्क टेस्ट सीरीज भी चल रही है।