फोटो- 03- संतोष कुमारी। फाइल फोटो
हरदोई। धनतेरस की खरीदारी कर बाइक से वापस लौट रही दादी का संतुलन रो रही पोती को चुप कराने में बिगड़ गया। चलती बाइक से सिर के बल सड़क पर गिरने के कारण दादी की मौत हो गई। पोती सुरक्षित है। घटना बेनीगंज कोतवाली क्षेत्र में हुई।
मल्हपुर निवासी संतोष कुमारी (47) शुक्रवार शाम बहू वर्षा और डेढ़ वर्षीय पोती नित्या को लेकर गांव की महिलाओं के साथ बेनीगंज बाजार गई थीं। धनतेरस पर खरीदारी करने के बाद यह लोग पैदल ही गांव लौट रहे थे। रास्ते में थकान महसूस होने पर संतोष कुमारी गांव के ही एक युवक की बाइक पर पोती को गोद में लेकर बैठ गईं। लगभग डेढ़ किलोमीटर आगे नित्या रोने लगी। उसे चुप कराने की कोशिश में संतोष का संतुलन बिगड़ गया और वह सिर के बल सड़क पर गिर गईं।
जानकारी पर पहुंचे परिजन उन्हें सीएचसी कोथावां और फिर मेडिकल कॉलेज ले गए। यहां उपचार के दौरान रात में उनकी मौत हो गई। नित्या सुरक्षित है। अचानक हुई इस घटना से परिवार में कोहराम मच गया। संतोष कुमारी के परिवार में पति संतोष कुमार, पुत्र अंकुल और पुत्री माधुरी है। कोतवाल अतुल कुमार ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया गया है।