अमर उजाला ब्यूरो
महोबा। किसानों की उपज का सही मूल्य दिलाने को शासन के निर्देश पर जिले में चना और मसूर की खरीद के लिए दो केंद्र स्थापित किए गए है। केंद्रों में चना 4400 रुपये और मसूर 4250 रुपये प्रति क्विंटल की दर से खरीदी जाएगी। इसके अलावा किसानों की मांग के अनुसार जिले में गेहूं खरीद के लिए तीन अतिरिक्त केंद्र खोले गए है। ताकि किसानों की उपज को बेहतर मूल्य मिल सके।
शासन के निर्देश पर जिले में पहली बार सरकारी दर पर चना और मसूर की खरीद की जाएगी। इसके लिए जिले में दो क्रय केंद्र पीसीएफ बफर गोदाम पचपहरा और पीसीएफ जैतपुर रेलवे स्टेशन के पास मिल में स्थापित किया गया है। जिलाधिकारी सहदेव ने बताया कि किसानों को उपज का बेहतर मूूल्य दिलाने के लिए शासन के निर्देश पर केंद्र स्थापित किए गए है। ताकि किसानों को औने पौने दाम पर चना और मसूर न बेचना पड़े। उन्होंने बताया कि चना व मसूर का न्यूनतम समर्थन मूल्य 4400 रुपये और 4250 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित किया गया है। उन्होंने किसानों से क्रय केंद्र पर अपनी उपज बेचकर सरकार द्वारा निर्धारित मूल्य प्राप्त करने की अपील की है।
जिलाधिकारी ने बताया कि रबी विपणन वर्ष 2018-19 में गेहूं खरीद के लिए जिले में कुल 42 क्रय केंद्र स्थापित किए गये थे। किसानों की मांग को देखते हुए साधन सहकारी समिति भंडरा, गुढ़ा और पहाड़िया में तीन अतिरिक्त क्रय केंद्र स्थापित किए गए हैं। ताकि किसान समीप के क्रय केंद्र में गेहूं बेचकर सरकार द्वारा निर्धारित मूल्य प्राप्त कर सकें। अब जिले में 45 केंद्रों में गेहूं खरीद का काम चल रहा है।