बेलाताल/ महोबा। गोशालाओं के संचालन के लिए प्रदेश सरकार लाखों रुपये का अनुदान देती है। लेकिन धरातल पर गोवंश आश्रय स्थलों पर इंतजाम अधूरे हैं। गोशालाओं में ताले पड़े हैं और कागजों में सभी गोवंश भूसा चारा खा रहे हैं और धरातल में एक भी नहीं है।
बुंदेलखंड में अन्ना गोवंश सबसे बड़ी समस्या है। इसको रोकने के लिए गोवंश आश्रय स्थल बनाए गए हैं लेकिन जिम्मेदार अधिकारियों की उदासीनता से गोवंश गोशालाओं में नहीं सड़क पर नजर आ रहे हैं। इसको लेकर पड़ताल की गई तो हकीकत सामने आ गई।
बेलाताल संवाद के अनुसार कस्बा जैतपुर में गोशाला संचालन के नाम पर लाखों खर्च किए जा रहे हैं लेकिन गोशाला में गोवंश नजर नहीं आते हैं। चौकीदार श्याम सिंह ने बताया कि गोशाला में 350 गोवंश पंजीकृत हैं। जिसमें मौके पर एक भी गोवंश नहीं मिला। भूसा के भंडारण के लिए जगह कम है, गोवंश की संख्या के अनुरूप छाया का इंतजाम भी नहीं है। ग्राम प्रधान प्रतिनिधि जगत सिंह ने बताया दो-तीन दिन में टैंकर से चरही में जानवरों को पीने की पानी की व्यवस्था की जाएगी।
विकास खंड कबरई की ग्राम पंचायत पवा में बनी गोशाला में एक भी जानवर नजर नहीं आया। जानकारी करने पर चौकीदार नेे बताया कि सभी गोवंश अभी निकाल दिए गए हैं। फसल बुवाई के बाद गोशाला में रखे जाएंगे। सुबह-शाम गोवंश पानी पीने के लिए आते हैं।
--------------
ग्राम पंचायत श्रीनगर में अस्थाई गोशाला बनी हुई है यहां पर गोवंश के लिए छाया का इंतजाम भी नहीं है। सिर्फ पानी पीने के लिए दो चरही बनाई गई हैं। मौके पर मुख्य गेट पर ताला पड़ा मिला कोई चौकीदार भी नहीं मिला। गोशाला संचालन का काम देख रहे पंचायतमित्र मनीष ने बताया कि गोवंश अभी छुट्टा घूम रहे हैं,सिर्फ पानी पीने के लिए आते हैं। किसानों की फसल बुवाई के बाद फिर से गोशाला में रखा जाएगा। ग्राम प्रधान आशीष राजपूत ने बताया कि अभी खाते का संचालन नहीं शुरू हुआ है, खाता खुलने के बाद व्यवस्थाएं दुरुस्त करायीं जाएगी।
मुख्य पशु चिकित्साधिकारी आर.के सिंह का कहना है कि सभी गोशालाओं में भूसा चारा का इंतजाम हैं। जिन गोशालाओं में गोवंश नहीं हैं वहां दिन में गोवंश को चरने के लिए छोड़ दिया जाता है।