दो माह बाद भी बैंकों से पैसा न निकलने से नाराज ग्रामीणों ने जाम लगा दिया। इससे कुलपहाड़-नौगांव मार्ग दो घंटे तक बाधित रहा। ग्राहकों ने दो घंटे तक जमकर हो हल्ला मचाया। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे थानाध्यक्ष रामकेवल पटेल ने ग्राहकों को समझा बुझाकर जाम खुलवाया। इसके बाद जाम में फंसे यात्रियों ने राहत की सांस ली। दो माह बाद भी बैंकों में भीड़ कम नहीं हो रही है। लोग आज भी अपना पैसा निकालने के लिए बैंकों में लाइन लगा रहे हैं। इससे ग्राहकों में खासा आक्रोश दिखाई दे रहा है।
मंगलवार को भी कम पैसा दिए जाने से नाराज ग्राहकों का गुस्सा बढ़ गया। ग्राहकों ने बैंक के पास नौगांव-कुलपहाड़ मार्ग पर जाम लगा दिया। महिलाएं सड़कों पर बैठ गई और ग्रामीण सड़क में दोनों तरफ खड़े हो गए। सुबह 10.30 बजे से दोपहर 12.30 बजे तक जाम लगा रहने से तमाम वाहन जाम में फंस गए जिससे यात्रियों को भारी दिक्कत का सामना करना पड़ा।जाम की सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष अजनर रामकेवल पटेल ने मौके पर पहुंचकर जाम लगाए ग्रामीणों को समझाया लेकिन ग्रामीण नहीं माने।
बाद में इलाहाबाद यूपी ग्रामीण बैंक के मैनेजर शशांक तिवारी को थानाध्यक्ष ने बाहर बुलाया। मैनेजर ने बताया कि कैश कम आने के कारण कम पैसा दिया जा रहा है जबकि अब तो लिमिट पांच हजार और दस हजार रुपये देने तक की बढ़ा दी गई है। कैश अधिक आने पर ज्यादा से ज्यादा पैसा दिया जाएगा। बैंक प्रबंधक और थानाध्यक्ष के आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने जाम खोल दिया।