महोबा। राजकीय हाईस्कूल सिजहरी की ओर से जिला स्पोर्ट्स स्टेडियम में शनिवार को माध्यमिक विद्यालयों की 14, 17 व 19 वर्ष आयुवर्ग की बालक तीरंदाजी प्रतियोगिता आयोजित हुई। इसमें छात्रों ने तीरंदाजी कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। जूनियर वर्ग में गौरव व सीनियर वर्ग में अनिल अहिरवार ने बाजी मारी।
प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने को लेकर छात्रों के उत्साह दिखा। इस दौरान जूनियर वर्ग में राजकीय इंटर कॉलेज श्रीनगर के छात्र गौरव ने प्रथम स्थान प्राप्त किया जबकि डीएवी इंटर कॉलेज के छात्र निशांत कुमार दूसरे स्थान पर रहे। इसी तरह सीनियर वर्ग में डीएवी इंटर कॉलेज के छात्र अनिल अहिरवार ने बाजी मारी। वहीं, जीआईसी श्रीनगर के छात्र पूरन ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। विजेता प्रतिभागियों को आयोजन समिति की ओर से पुरस्कृत किया गया। इस मौके पर जिला क्रीड़ा सचिव अमित राजपूत, नेहरू इंटर कॉलेज के व्यायाम शिक्षक निशांत कुमार, रवि प्रकाश, रेनू शांडिल्य, अनु देशवाल आदि मौजूद रहे।