सड़कों की मरम्मत व नवीनीकरण का शिलान्यास करते सांसद व विधायक।
- फोटो : Amarujala
महोबा। जिले के मार्गों और सड़कों की सूरत जल्द ही बदलेगी। शासन के निर्देश पर वित्तीय वर्ष 2019-20 में 9.52 करोड़ से अधिक की लागत से 44 सड़कों की मरम्मत और नवीनीकरण का कार्य कराया जाएगा। शुक्रवार को पीडब्ल्यूडी विभाग परिसर में हमीरपुर-महोबा सांसद पुष्पेंद्र सिंह चंदेल व सदर विधायक राकेश गोस्वामी ने मरम्मत एवं नवीनीकरण कार्यों का शिलान्यास किया।
शिलान्यास कार्यक्रम में लोक निर्माण विभाग प्रांतीय खंड के अधिशासी अभियंता बीबी अग्रवाल ने बताया कि वित्तीय वर्ष में सामान्य मरम्मत, विशेष मरम्मत के साथ नवीनीकरण के स्वीकृत कार्यों का आज पूरे प्रदेश में शिलान्यास कार्यक्रम हो रहा है। सूबे के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य द्वारा स्वीकृत कार्यों का शिलान्यास प्रदेश की राजधानी लखनऊ से किया जा रहा है। जिसके अंतर्गत जिले की 44 सड़कों की मरम्मत एवं नवीनीकरण कार्य का सांसद एवं विधायक ने शिलान्यास किया। सांसद ने कहा कि सड़कों का निर्माण होने से लोगों को बेहतर सुविधा मिलेगी। स्वीकृत कार्यों में महोबा-छतरपुर मार्ग से मिरतला, झांसी-मिर्जापुर मार्ग से बीला दक्षिण, सलैया से मानपुरा, कुलपहाड़-नौगांव मार्ग से बुधौरा, सिजरिया से उर्मिल नदी एमपी सीमा तक, अजनर-स्यावन मार्ग, अजनर से मगरिया जैलवारा मार्ग, बिलवई से छिकहरा संपर्क मार्ग, कुलपहाड़-नौगांव मार्ग, स्यावन से बमनौरा मार्ग समेत 44 मार्ग शामिल है। शिलान्यास के दौरान व्यापार मंडल के प्रांतीय संगठन मंत्री राहुल अग्रवाल, विधायक प्रतिनिधि रोहित शर्मा, पुष्पेंद्र नायक, अजय दीक्षित, राजेेंद्र सिंह सिसौदिया, राजेश द्विवेदी, केसी त्रिपाठी आदि मौजूद रहे।